पीएम मोदी ने केएसआर स्टेशन पर तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को भारत को तकनीक के चित्र में आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय टेक कंपनियों ने दुनियाभर में अपनी पहचान बनाई है। अब समय आ गया है कि हम भारत की ज़रूरतों को और अधिक प्राथमिकता दें, ताकि तकनीक का लाभ दिश के हर नागरिक तक पहुंचे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ‘टेक सिटी’ बेंगलुरु में शहरी संपर्क परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद एक सार्वजनिक समारोह को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री मोदी ने यहां केएसआर रेलवे स्टेशन पर तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी
दिखाई। इसके अलावा बेंगलुरु में मेट्रो की दूसरे फेज की येलो लाइन का उद्घाटन और मेट्रो के तीसरे फेज का शिलान्यास भी किया। मोदी ने मेट्रो आरवी रोड (रागीगुड्डा) से इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन तक सवारी भी की। मेट्रो में सफर के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के साथ कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री शिवकुमार और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री ने मेट्रो में यात्रा कर रहे छात्रों से बातचीत भी की।
समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि इस सफलता में भारत की मेक इन इंडिया की ताकत थी। इस मेक इन इंडिया की ताकत के निर्माण में बेंगलुरु और कर्नाटक के युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। भारतीय सेना ने पाकिस्तान के सैकड़ों किलोमीटर अंदर जाकर आतंकवादी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया। इसका परिणाम था कि पाकिस्तान कुछ ही घंटे में घुटने पर आ गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते 11 वर्षों में भारत ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था है। इसकी गति का स्रोत रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म की भावना, ईमानदार नीयत और सतत प्रयास रहा है। अब इन उपलब्धियों के बीच हमारी अगली बड़ी प्राथमिकता टेक आत्मनिर्भर भारत होनी चाहिए। टेक्नोलॉजी और आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ते कदमों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज भारत लो- कॉस्ट हाई-टेक स्पेस मिशन का वैश्विक उदाहरण बन चुका है। भारत अपने एआई मिशन से वैश्विक एआई नेतृत्व की दिशा में बढ़ रहा है। सेमीकंडक्टर मिशन भी अब गति पकड़ रहा है और जल्द ही ‘मेड इन इंडिया’ चिप उपलब्ध होगी। प्रधानमंत्री ने भारतीय टेक कंपनियों से स्थानीय प्राथमिकताओं पर ध्यान देने को कहा।
तीसरे चरण में 44 किमी लंबी बनेगी ऑरेंज मेट्रो लाइन
प्रधानमंत्री ने यहां 15,610 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली बेंगलुरु मेट्रो चरण-3 की ऑरेन्ज लाइन की आधारशिला भी रखी। इस परियोजना की कुल लंबाई 44 किलोमीटर से अधिक होगी और इसमें 31 एलिवेटेड स्टेशन होंगे। इस चरण में 31 नए स्टेशन शामिल हैं, शहर के दक्षिण-पश्चिम और पश्चिमी क्षेत्रों के वंचित क्षेत्रों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने में मदद करेंगे। यह बुनियादी ढांचा परियोजना शहर की बढ़ती परिवहन जरूरतों को पूरा करेगी और आवासीय औद्योगिक, वाणिज्यिक और शैक्षणिक क्षेत्रों की आवश्यकताओं को पूरा करेगी।












Users Today : 0