कोलकाताः पश्चिम बंगाल में मध्य कोलकाता के बड़ा बाजार के मेचुआ बाजार क्षेत्र में मंगलवार शाम एक होटल में भीषण आग लगने से 14 लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं और 13 अन्य घायल हो गए।
छह मंजिला होटल ‘ऋतुराज’ में रात करीब 8.15 बजे आग लगी और आधी रात के बाद ही इस पर काबू पाया जा सका। अधिकारियों ने बताया कि आग को पूरी तरह से बुझाने के लिए 14 दमकल गाड़ियों ने रात भर काम किया।
मध्य कोलकाता के होटल ‘ऋतुराज’ में लगी भीषण आग में 14 लोगों की मौत, दर्जनों घायल अधिकांश पीड़ितों की मौत दम घुटने से हुई, क्योंकि बड़ा बाजार की संकरी और भीड़भाड़ वाली गलियों में बचाव अभियान मुश्किल था।
आग से बचने के लिए इमारत से कूदने के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई। आग लगने की यह घटना मंगलवार रात करीब 8:10 बजे उस वक्त हुई जब होटल के 42 कमरों में 88 मेहमान ठहरे हुए थे। दमकल की 10 गाड़ियों ने करीब 10 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कोलकाता पुलिस ने बताया कि बुधवार शाम तक 14 पीड़ितों में से नौ की पहचान हो चुकी है।
पीड़ित बिहार, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और झारखंड के रहने वाले थे। मृतकों में 11 पुरुष, एक महिला और दो बच्चे शामिल हैं, जिनमें एक तीन वर्षीय बालक और 10 वर्षीया बच्ची तमिलनाडु से थे।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। दमकल अधिकारियों ने बताया कि अधिकतर लोगों की मौत दम घुटने से हुई। अधिकारियों के अनुसार, कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिल से छलांग लगा दी।
घटनास्थल का दौरा करने के बाद महापौर फिरहाद हकीम ने कहा, “हम मृतकों के परिजनों की इच्छा के अनुसार शव भेजने की व्यवस्था करेंगे।” पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा और राज्य अग्निशमन सेवा मंत्री सुजीत बोस ने शुरू में मृतकों की संख्या 15 बताई थी, लेकिन बाद में अस्पतालों और बचाव दलों से पुष्टि के बाद संख्या संशोधित कर 14 कर दी।
प्राथमिक जांच में होटल में अग्नि सुरक्षा नियमों की गंभीर अनदेखी सामने आई है। होटल की ‘फायर एनओसी’ 2022 में समाप्त हो चुकी थी, अलार्म व स्प्रिंकलर काम नहीं कर रहे थे और केवल एक सीढ़ी थी जो अवरुद्ध थी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया और प्रधानमंत्री राहत कोष से मुआवजे की घोषणा की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “कोलकाता में आग लगने की दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
पीएमएनआरएफ से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।” मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और मृतकों के परिजनों को दो लाख तथा घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता की घोषणा की है।











Users Today : 4