पटनाः जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 26 हिंदू पर्यटकों की हत्या के बाद भारत सरकार के द्वारा पाकिस्तान के नागरिकों का वीजा रद्द करने का लिए गए फैसले पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को कहा कि वह बिहार में भी पूरी तरह लागू होगा।
हर पाकिस्तानी नागरिक को वापस जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे में भारत छोड़ देने को कहा गया है और यह समय सीमा कल 27 अप्रैल को समाप्त हो रही है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में जो पाकिस्तानी नागरिक रह रहे हैं, उनकी पहचान कर ली गई है और जरूरत पड़ी तो उन्हें डिपोर्ट भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वीजा रद्द होने के बाद किसी पाकिस्तानी के यहां रहने का कोई सवाल ही नहीं है।
जो नहीं जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा की पहलगाम में आतंकी हिंसा भारत पर हमला है। दुख और आक्रोश के इस समय में पूरा देश एकजुट है। इस पर किसी को राजनीति नहीं करनी चाहिए।
सम्राट चौधरी ने कहा कि जब बिहार की धरती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के आकाओं को मिट्टी में मिला देने का कड़ा संकल्प ले लिया है, तो उसे पूरा करने में बिहार हर कदम पर साथ खड़ा रहेगा।
सम्राट चौधरी ने कहा कि यदि पाकिस्तान ने पहलगाम नरसंहार में अपनी नापाक संलिप्तता स्वीकार करने के बजाय भारत से टकराव का रुख अपनाया और पिछले युद्ध के बाद हुआ शिमला समझौता रद्द कर दिया है, तो यह अच्छा ही है।
अब भारत उनकी सीमा में घुसकर बदला लेगा। इस बीच झारखंड में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान की जा रही है। झारखंड में कितने पाकिस्तानी नागरिक आए हैं, फिलहाल इसपर कोई भी वरिष्ठ अधिकारी मुंह खोलने को तैयार नहीं दिखता।
आईजी(स्पेशल ब्रांच) प्रभात कुमार ने तो फोन उठाना ही मुनासिब नहीं समझा। जबकि डीजीपी अनुराग गुप्ता ने किसी प्रकार की जानकारी होने से ही इनकार कर दिया।
बता दें कि भारत सरकार ने पाकिस्तानी मूल के नागरिकों को वापस लौटने की समय सीमा तय कर दी है। इस बीच धनबाद में रह रही पाकिस्तान की दो दुल्हन की खोज-खबर धनबाद पुलिस ने शुरू कर दी है। दोनों नियमित रूप से धनबाद के अलग-अलग थाने में हाजिरी दे रही थीं।











Users Today : 4