Bihar Polls: राहुल गांधी से मिले तेजस्वी यादव, दिल्ली से लेकर पटना तक सियासत तेज

नई दिल्लीः बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के द्वारा मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात किए जाने पर दिल्ली से लेकर पटना तक सियासत देखने को मिल रही है। भाजपा और जदयू ने इस मुलाकात पर तंज कसा है। मंगलवार को जदयू के मुख्य प्रवक्ता और विधान पार्षद नीरज कुमार ने कहा कि हिम्मत है तो कांग्रेस तेजस्वी यादव को महागठबंधन का मुख्यमंत्री उम्मीदवार आज घोषित करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश के स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। क्या तेजस्वी जैसे दागदार नेता के आगे कांग्रेस आत्मसमर्पण करेगी?

नीरज कुमार ने तेजस्वी को कहा कि ईडी सक्रिय है। सचेत रहिए। बिहार में हेर-फेर करिएगा तो कानून अपना काम करेगा। लोकसभा चुनाव में राजद से बेहतर स्ट्राइक रेट कांग्रेस और वाम दल का रहा। उन्होंने कहा कि राजद को उम्मीद थी कि आज तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री उम्मीदवार महागठबंधन का घोषित किया जाएगा, लेकिन कांग्रेस ने ऐसा नहीं किया।

तेजस्वी को वेटिंग लिस्ट में डाल दिया। कांग्रेस तिल-तिलकर परेशान कर रही है, लेकिन राजद राजनीतिक आत्मसमर्पण कर हर अपमान को झेल रही है। नीरज कुमार ने कहा कि एनडीए में नेतृत्व को लेकर कोई कन्फ्यूजन नहीं है। नीतीश के नेतृत्व में एनडीए विधानसभा चुनाव लड़ेगा। 2025-30 नीतीश मुख्यमंत्री रहेंगे। नीतीश हैं तो निश्चित हैं।

वहीं, तेजस्वी यादव की सक्रियता पर पूछे जाने पर नीरज कुमार ने कहा कि क्या लालू यादव राजनीतिक रूप से नाकाबिल हो गए हैं? उन्होंने कहा कि अगर वह नाकाबिल हैं तो पार्टी में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर क्यों हैं? उनको हटाया जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीतिक जमीर बचा है या नहीं।

जो 420 का आरोपी है, जिसके ऊपर सैलरी घोटाला है, ये सारे साक्ष्य मौजूद हैं, कांग्रेस उसको अहमियत दे रही है।  वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस का एक ही एजेंडा है कि वह किसी भी परिस्थिति में बिहार में अपनी जमीन तलाश करे। लेकिन राजद ने कांग्रेस को औकात में रखने का ब्लू मैप तैयार किया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राजद आने वाले समय में समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर समझौता करते भी हैं तो एक दूसरे को नीचा दिखाने का प्रयास करेंगे। उधर, दूसरी ओर तेजस्वी यादव की राहुल गांधी और खड़गे के साथ हुई बैठक पर राजद ने दावा किया है कि कांग्रेस आलाकमान की सहमति है।

राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार हैं। इसमें कहीं भी किंतु-परंतु नहीं है। बैठक सकारात्मक रही। तेजस्वी के नेतृत्व में महागठबंधन चुनाव लड़ेगा और उनके नेतृत्व में सरकार बनेगी। कांग्रेस से अब तक किसी ने नहीं कहा है कि तेजस्वी के नेतृत्व में चुनाव नहीं लड़ा जाएगा। चुनाव आते ही मुख्यमंत्री चेहरा घोषित हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?
error: Content is protected !!